-दो बेटियां घायल, सीएचसी में चल रहा उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। बृजमनगंज क्षेत्र के महुलानी टोला ओलीबक्सपुर में रविवार को दिन में ट्रैक्टर-ट्राॅली ने घर के बाहर चारपाई पर सो रही महिला को टक्कर मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि दो बेटियां घायल हो गईं।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के महुलानी टोला ओलीबक्सपुर निवासी अमरावती (55) दिन में खाना खाने के बाद घर के बाहर चारपाई पर पेड़ के नीचे सो रही थीं। साथ ही उनकी बेटी रोशनी (15) व एक अन्य लड़की शर्मिला (16) भी बैठी थी। उसी दौरान सड़क पर तेज रफ्तार से जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित हो गई और पेड़ के नीचे सो रही महिला को कुचल दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों बेटियां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। लोगों ने तत्काल सूचना पुलिस को देकर घायलों को सीएचसी बृजमनगंज भिजवाया। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिरूद्ध कुमार व थानाध्यक्ष श्यामसुंदर तिवारी मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ अनिरूद्ध कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली पुलिस के कब्जे में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।