महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभा को तराशने और उन्हें आगे लाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिले की सभी 882 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान विकसित करने का फैसला लिया गया है।
खेल मैदानों का निर्माण महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है लेकिन अभ्यास के लिए मैदान और सुविधाओं का अभाव युवाओं के रास्ते में बाधा बन जाते हैं। ऐसे में हर ग्राम पंचायत स्तर पर खेल मैदान निर्मित होने से युवाओं को क्षेत्र में नियमित अभ्यास की सुविधा मिलेगी।
खेल मैदान होने से शासन की तरफ से आयोजित होने वाले खेलो इंडिया, फिट इंडिया जैसे कार्यक्रम भी सफल होंगे। सीडीओ की तरफ से सभी बीडीओ को निर्देश पत्र भेजकर स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक खेल मैदान युवा प्रतिभाओं के लिए जरूरी है। बीडीओ आवश्यकतानुसार एसडीएम और तहसीलदार से भी मदद ले सकते हैं।
मनरेगा से होगा निर्माण : महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत खेल मैदानों का निर्माण कराया जाएगा। खेल मैदान में चारदीवारी लगाकर गेट लगाए जाएंगे। साथ ही पेड़-पौधों से घेराबंदी कर आवश्यक आधारभूत ढांचे का निर्माण किया जाएगा। इससे जहां युवाओं को खेल के लिए संसाधन उपलब्ध होंगे, वहीं ग्राम पंचायतों का सौंदर्य भी बढ़ेगा।