सीएचसी से भैरहवा और अब वहां से इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे परिजन, स्थिति नाजुक
नौतनवा। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मां बनैलिया मंदिर चौराहा के निकट शनिवार की सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से टहलने निकला एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, मौलाना आजाद नगर वार्ड निवासी प्रमोद चौहान शनिवार की सुबह नौतनवा बाईपास पर टहलने निकले थे। अभी वह बनैलिया मंदिर चौराहा के निकट एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया। कुछ देर बाद मार्ग से गुजर रहे एक एसएसबी जवान की नजर घायल व्यक्ति पर पड़ी तो उन्होंने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौतनवा में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही परिजन भी तत्काल मौके पर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए परिजन भैरहवा मेडिकल कॉलेज से से लखनऊ ले जा रहे हैं। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।