चौक बाजार। सदर क्षेत्र के ग्राम बागापार टोला बरइठवा में लगातार 26वें वर्ष आयोजित नौ दिवसीय श्री शतचंडी महायज्ञ की भव्य कलश यात्रा बृहस्पतिवार को जयघोष के साथ धूमधाम से निकाली गई। कलश यात्रा बरइठवा स्थित दुर्गा मंदिर से शुरू होकर बागापार चौराहा, लखनपुर, पिपरा, अवधपुर, अमरुआ, बेलवाकाजी, विजयपुर, बरगदवा राजा, केवलवापुर खुर्द होते हुए चानकी घाट पर पहुंची। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरा गया।
कलश यात्रा में रथ पर सवार भगवान शिव एवं मां पार्वती की मनोहारी झांकी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं सिर पर कलश लिए सैकड़ों युवतियां व महिलाएं देवी गीत-गाते हुए चल रहीं थीं। वेदमंत्रों की गूंज, धूप और अगरबत्ती की सुगंध से पूरा वातावरण भक्ति मय हो गया। कलश यात्रा का नेतृत्व ग्राम प्रधान विवेक प्रताप सिंह व यज्ञाचार्य कृष्णमोहन तिवारी कर रहे थे। यज्ञाचार्य ने बताया कि यज्ञ में प्रतिदिन दिन में प्रवचन तथा रात में रामलीला का मंचन किया जाएगा। सुरक्षा के दृष्टिगत चौकी प्रभारी जटाशंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहे। कलश यात्रा में ग्राम प्रधान विवेक प्रताप सिंह, रामराज चौरसिया, हरिराम वर्मा, राहुल गुप्ता, जगरनाथ वर्मा, राजु मौर्या, संदीप वर्मा, प्रेमसागर, बीरबल, अवनीश शामिल रहे। संवाद