परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के धनहा नायक गांव के पश्चिम सिवान में स्थित बगीचे में आम बीनने गई एक 25 वर्षीय युवती की शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे एक युवक ने ईंट से सिर कूंचकर उसकी हत्या कर दी। बच्चे खेलने पहुंचे तो उन्हें भी दौड़ा लिया।
भागते हुए बच्चों ने इसकी जानकारी युवती के परिजनों को दी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के धनहा नायक निवासी लाल बिहारी प्रजापति की 25 वर्षीय बेटी अंजू शनिवार को दोपहर गांव के पश्चिम सिवान में चंद्रमौलि नायक के बगीचे में आम बीनने गई थी। इस दौरान गांव का ही युवक महेंद्र उर्फ टिंकल साहनी भी वहां पहुंच गया। किसी बात को लेकर दोनों में पहले झगड़ा हुआ।
इसके बाद सिरफिरे युवक ने पास में पड़े ईंट से कूंचकर युवती की हत्या कर दी और शव के पास बैठा रहा। बच्चे खेलने के लिए जब बगीचे में गए तो आरोपी ने उन्हें भी दौड़ा लिया। बच्चे भागते हुए युवती के घर पहुंचे और घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती के पिता ने बताया कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।