फरेंदा। क्षेत्र के उदितपुर में निर्माणाधीन मकान के बगल में बने गड्ढे में डूबने से पांच साल की मासूम की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, फरेंदा थाना क्षेत्र के उदितपुर के रामप्रसादपुर निवासी जयहिंद के घर से कुछ दूर पर एक निर्माणाधीन मकान के बगल में करीब पांच फीट का गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। बारिश के चलते गड्ढे में पानी भर गया है। शुक्रवार की सुबह जयहिंद की पांच वर्ष की बेटी खुशी घर के सामने खेल रही थी। खेलते हुए वह निर्माणाधीन मकान के पास पहुंच गई और अनियंत्रित होकर गढ्ढे में गिर गई, जिससे वह डूबने लगी।
आसपास के बच्चों ने शोर मचाया तो दौड़ते हुए परिजन मौके पर पहुंचे। मासूम को गड्ढे से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र बनकटी ले गए। जहां चिकित्सकों ने खुशी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया। बेटी की मौत की खबर मां रांति देवी को हुई तो बदहवास हो गई।
घर वालों का रो रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।