महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के खोस्टा गांव में बिजली गिरने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस लौट गई।
जानकारी के अनुसार, खोस्टा निवासी नंदलाल मिश्रा 58 धान की रोपाई के लिए खेत गए थे। इस दौरान बारिश हो रही थी। अचानक करीब 8:30 बजे बादल गरजा और उनके ऊपर बिजली गिर गई। नंदलाल की मौके पर ही मौत हो गई। इकलौता बेटा मनीष विदेश में रहकर काम करता है। पत्नी सत्यवती का रो रो कर बुरा हाल है। घटना की जानकारी होने पर चौक पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मृतक की पत्नी सत्यवती ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया, जिससे पुलिस को वापस होना पड़ा। थानाध्यक्ष प्रशांत पाठक ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद