भाई की मौत से बहनें गमगीन, न्याय नहीं मिलने पर सीएम ने करेंगी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सोनरा में शनिवार की सुबह कृष्णमोहन शर्मा का शव संदिग्ध हालात में उनके चचेरे भाई के घर पर मिला था। भाई की मौत की खबर जैसे ही बहनों को हुई वह सोनरा गांव पहुंच गईं। हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी। रविवार को पुलिस ने बताया किपोस्टमार्टम रिपोर्ट में बीमारी से मौत होने की पुष्टि हुई है, लेकिन कृष्णमोहन की बहनें यह मानने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि भाई की हत्या की गई है। न्याय नहीं मिला तो मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगी।
कृष्णमोहन की बड़ी बहन माया मिश्रा ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद सभी संपत्ति भाई के नाम हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाई की संपत्ति पर चचेरे भाई की नजर थी। वह संपत्ति बेचकर चचेरे भाई के साले को देता था। बहन मालती, सेनू पांडेय, प्रेमलता, पूजा शर्मा ने बताया कि सोनरा गांव एवं चौराहे पर घर है। दो एकड़ पैतृक संपत्ति थी। भाई के नाम से जितनी जमीन थी, उसने बेच दी। मेरे भाई से चचेरे भाई के साले ने 90 लाख रुपये लिए थे। जब पैसा मांगता था तो उसकी पिटाई की जाती थी। उन्हें शक है कि धन हड़पने के लिए भाई की हत्या की गई है।
सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बीमारी से मौत हाेने की जानकारी मिली है। आरोपों के बारे में पुलिस जांच की जा रही है।
...
बहनों की इच्छा थी भाई शादी करें और घर बसाए
कृष्णमोहन की बहन माया मिश्रा ने बताया कि सभी बहनों की इच्छा थी कि भाई की शादी हो और सुकून से रहे, लेकिन वह मना कर देता था। पिता की मृत्यु के बाद प्रेमलता और पूजा के नाम से कुछ जमीन वरासत हो गई थीं। कृष्णमोहन स्नातक तक पढ़ा था। चौराहे पर दो कमरे का मकान है। गांव में दो कमरे का मकान है। चचेरे भाई की पत्नी के भाई ने लक्ष्मीपुर एकडंगा में भट्ठा खोल लिया है। पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ करे तो पता चल जाएगा कि कृष्णमोहन ने उसे कितना पैसा दिया था। बहनों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्षता से जांच हो और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाय।
..
गैस सिलिंडर लेने गई बहनों से आरोपित की पत्नी ने की मारपीट
माया मिश्रा ने बताया कि रविवार की सुबह 8 बजे वह सोनरा गांव में अपने घर पर सिलिंडर लेने गई थी। आरोपित की पत्नी देखते ही आग बबूला हो गईं और मारपीट करने लगीं। भाई का वाॅशिंग मशीन, लैपटॉप, मिक्सर मशीन, गैस चूल्हा, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड आदि पुराने घर में ही है। कागजात मांगने पर देने से मना कर रही हैं।