सोनौली। नेपाल के भैरहवा में सिद्धार्थ स्ट्रीट फूड फेस्टिवल-2026 का आगाज उत्साह के साथ हुआ। राष्ट्रीय कलाकार दुर्गेश थापा की ग्रैंड एंट्री और संगीत प्रस्तुति आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। उनके गीतों पर दर्शक जमकर झूमे। दो दिवसीय महोत्सव में पारंपरिक नेपाली व्यंजनों से लेकर आधुनिक फास्ट फूड तक के स्टाॅल लगाए गए हैं।
चैंबर ऑफ कॉमर्स रूपनदेही की ओर से आयोजित महोत्सव में स्थानीय कलाकारों ने भी प्रस्तुतियां दीं। खाने-पीने के स्टालों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल रहा। उद्घाटन समारोह में प्रतिनिधि सभा सदस्य पूनम अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन संस्कृति, कला और पर्यटन को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्थानीय व्यंजनों और परंपराओं को बढ़ावा देने से सांस्कृतिक पहचान मजबूत होती है और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलती है।
महोत्सव में बिरयानी से लेकर लोकप्रिय आलू ट्विस्टर तक के स्टाल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। कारोबारियों को नए ग्राहकों तक पहुंचने और अपने उत्पादों को पहचान दिलाने का अवसर मिला।
पर्यटन को मिलेगा लाभ
मायादेवी-8, बसडिलवा निवासी सरु थापा ने कहा कि परिवार के साथ अलग-अलग व्यंजनों का स्वाद लेने और मनोरंजन का अवसर अच्छा लगा। वहीं, भैरहवा-12 निवासी सुनील सेन्चुरी ने आयोजन को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक व्यवस्थित बताया। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सचिन रोक्का ने कहा कि महोत्सव स्थानीय उद्यमशीलता और भारतीय-नेपाली पर्यटन को बढ़ावा देने का माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजनों से भैरहवा को सांस्कृतिक और खानपान पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। इससे लुंबिनी आने वाले पर्यटकों के ठहराव और स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल सकता है।