प्रत्येक स्कूल को देनी होगी नामांकन रिपोर्ट, डीआईओएस ने दिए निर्देश
महराजगंज। जनपद के 278 माध्यमिक स्कूलों में एक से 15 अप्रैल तक स्कूल चलो अभियान का आयोजन अनिवार्य किया गया है। सोमवार को सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर डीआईओएस ने इसके लिए निर्देश दिया है।
सभी स्कूल विभागीय ग्रुप में इसकी फोटो भी अपलोड करेंगे। सभी को कक्षा 9 व 11 पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं। बेसिक के साथ-साथ माध्यमिक स्कूलों में भी स्कूल चलो अभियान की रैली निकाली जाएगी। शिक्षा महानिदेशक की तरफ से जारी निर्देश क्रम में डीआईओएस ने इसके लिए सभी राजकीय, शासकीय, अशासकीय व वित्त विहीन स्कूलों को बेसिक के साथ सहभागिता कर रैली निकालने का निर्देश दिया है। कहा गया है कि कक्षा आठ उत्तीर्ण कर जो विद्यार्थी निकलें उनका प्रवेश क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक स्कूलों में अथवा अन्य माध्यमिक स्कूलों में कराना सुनिश्चित किया जाए। इसी तरह 10 वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वालों का प्रवेश 11वीं में अनिवार्य रूप से कराया जाए। इसकी रिपोर्ट डीआईओएस कार्यालय को भेजी जाए एवं विभागीय ग्रुप में सहभागिता रैली की फोटो अपलोड किया जाए।
साथ ही अप्रैल में गर्मी के प्रभाव के मद्देनजर प्रत्येक माध्यमिक स्कूल को डीआईओएस ऑफिस को हर सप्ताह रिपोर्टिंग करेंगे कि स्कूल में हीटवेव से बचाव के लिए क्या उपाय किए जा रहे हैं।