महराजगंज। 24वेें जनपदीय युवक समारोह के दूसरे दिन गुरुवार को सदर और निचलौल तहसील के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। दोनों तहसील के खिलाड़ियों ने दौड़, ऊंची कूद और डिस्कस थ्रो में पहला स्थान हासिल किया।
जिला क्रीड़ा स्टेडियम में परतावल इंटर कॉलेज की तरफ से आयोजित तीन दिवसीय जनपदीय युवक समारोह के दूसरे दिन बालक और बालिका वर्ग में दौड़, डिस्कस थ्रो, गोला फेंक, ऊंची कूद और लंबी कूद प्रतियोगिताएं हुईं। वरिष्ठ बालक वर्ग के 100 मीटर दौड़ में सदर तहसील के छात्र रवीन्द्र प्रथम और जूनियर वर्ग में डीएवी इंटर कॉलेज घुघली के छात्र पंकज त्रिपाठी प्रथम स्थान पर रहे। सीनियर बालिका वर्ग में निचलौल तहसील के रामहर्ष इंटर कॉलेज की सविता मौर्य प्रथम, जूनियर वर्ग में सदर तहसील के इंटर कॉलेज बेलवाकाजी की ज्योति प्रजापति और मसीही सेवाश्रम निचलौल की के दुर्गावती चौधरी संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहीं।
जूनियर बालक वर्ग के 3000 मीटर दौड़ में निचलौल के बापू शताब्दी इंटर कॉलेज जहदा के जन्मेजय, जूनियर बालिका वर्ग में फरेंदा के अभिनव विद्या मंदिर के उदितपुर की रूपा गौड़ को पहला स्थान मिला। सीनियर बालक वर्ग के 5000 मीटर दौड़ में निचलौल तहसील के एमजी इंटर कॉलेज सिसवा के मनौव्वर अली प्रथम और जूनियर बालिका वर्ग 5000 मीटर दौड़ में सदर तहसील के संतलाल इंटर कॉलेज देवीपुर की नेहा पासवान को पहला स्थान मिला।
सीनियर बालक वर्ग गोला फेंक में सदर के गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज के हिमांशु सिंह, जूनियर बालक वर्ग में सदर तहसील के इंटर कॉलेज मौलागंज के पूजन कुमार प्रथम स्थान पर रहे। सीनियर बालक वर्ग डिस्कस थ्रो में फरेंदा के एलबीएस मथुरानगर के आरिफ, जूनियर बालक वर्ग में निचलौल तहसील के चोखराज तुलस्यान इंटर कॉलेज सिसवा के अखिलेश यादव प्रथम रहे। वरिष्ठ बालिका वर्ग ऊंची कूद में राधा इंटर कॉलेज ठूठीबारी निचलौल की रोशनी और जूनियर बालिका वर्ग में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज नौतनवां की अंजू चौरसिया प्रथम रहीं। वरिष्ठ बालिका वर्ग लंबी कूद में इंटर कॉलेज नौतनवां की श्रेया त्रिपाठी पहले स्थान पर रही। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल, द्वितीय स्थान पर रहे खिलाड़ियों को रजत और तृतीय स्थान पर रहे खिलाड़ियाें को कांस्य मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य विनोद कुमार सिंह, राजेंद्र सिंह, रामनारायण, अजय और पूनमबाला श्रीवास्तव सहित कई लोग उपस्थित रहे।