परतावल। हशीमुद्दीन हत्याकांड में पुलिस ने बुधवार को तीन और युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
श्यामदेउरवां क्षेत्र के बेलासपुर नर्सरी में बीते 24 सितंबर को दो बाइक की टक्कर में कोईली देवी और हशुमुद्दीन की मौत हो गई थी। हशुमुद्दीन के घर वालों ने भीड़ पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया था। इस पर पुलिस ने चार नामजद और 12 अज्ञात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। दो अभियुक्तों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को क्षेत्र में गश्त के दौरान थाना प्रभारी वीपी सिंह ने हत्यारोपी राजकुमार, नरसिंह और दुर्लभ निवासी बेलासपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बस की टक्कर से अधेड़ घायल
फरेन्दा। फरेन्दा क्षेत्र के बाजारडीह निवासी रामबेलास बुधवार शाम करीब पांच बजे टहलने के लिए निकले। चौराहे पर सोनौली से गोरखपुर की ओर तेज रफ्तार जा रही टूरिस्ट बस चालक ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक भाग निकला।