नौतनवां। दलित लड़की के गायब होने के मामले में मुकदमा दर्ज कराने को लेकर गुरुवार को थाने का घेराव करने पहुंचे हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। जिला उपाध्यक्ष नरसिंह पांडेय सहित तीन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक दलित नाबालिग लड़की 13 जून को गायब हो गई थी। इस संबंध में कोतवाली में गांव के ही चार लोगों सलमान, सुमाद, हबीब और जैरून्निशा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। लड़की बरामद होने के बाद अभियुक्तों के खिलाफ अपहरण और बलात्कार का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में एक अभियुक्त की गिरफ्तारी हुई थी, जबकि अन्य आरोपियों के घर की कुर्की की गई थी। बुधवार को अचानक वही लड़की फिर घर से गायब हो गई। इसके बाद लड़की के घरवाले और हियुवा कार्यकर्ता अपहरण और बलात्कार के मामले में आरोपियों पर मुकदमा लिखने का दबाव बनाने लगे। मुकदमा दर्ज नहीं होने पर जिला उपाध्यक्ष नरसिंह पांडेय के नेतृत्व में लोग गुरुवार अपराह्न करीब तीन बजे सोनौली कोतवाली का घेराव करने पहुंच गए। पुलिस तथा प्रशासन के विरोध में नारेबाजी करने लगे। उसी समय कोतवाल के नेतृत्व में पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
सीओ सूक्ष्म प्रकाश का कहना है कि बुधवार को लड़की का अपनी मां के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इससे वह नाराज होकर कहीं चली गई है। लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोग पुलिस पर मुकदमा लिखने का दबाव बना रहे थे। जबकि लड़की के अपहरण के मामले में पहले से ही मुकदमा दर्ज है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।