महराजगंज। अब चीन का ब्लैक राइस भारतीय क्षेत्र में पहुंच रहा है। सोमवार को पुलिस ने नौतनवा कस्बे के पहले पिकअप पर लदा 98 बोरी काला चावल बरामद कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
बाद में आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, इन दिनों सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष निगरानी की जा रही है। पुलिस कर्मी पगडंडियों पर नजर रखे हैं। तस्करों के सिंडिकेट को तोड़ने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है।
तस्कर चाइनीज लहसुन से लेकर फल तक भारतीय क्षेत्र में पहुंचाते हैं। वहीं चाइनीज ब्लैक राइस लाकर तस्कर मोटी आमदनी कर रहे हैं। सोमवार को पुलिस पगडडियों पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली की पिकअप से भारी मात्रा में ब्लैक राइस जा रहा है।
पुलिस टीम ने नौतनवा कस्बे से पहले घेराबंदी कर पिकअप को पकड़ लिया। उन्होंने चालक से कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सका। जांच में 98 बोरी ब्लैक राइस बरामद हुआ।
प्रभारी निरीक्षक नौतनवां धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, मुखबिर से सूचना के आधार पर पिकअप पर लदी 98 प्लास्टिक के बोरे में ब्लैक राइस बरामद हुआ।
पिकअप चालक ने पूछताछ में अपना नाम सुलेमान निवासी बरगदवा बताया। पिकअप पर लदी राइस और आरोपी को पकड़कर अग्रिम कार्रवाई के लिए नौतनवा कस्टम को सौंप दिया है।