सेवा समाप्ति के साथ ही दर्ज होगी रिपोर्ट
बीएसए ने एक शिक्षक को शैक्षिक दस्तावेजों सहित तलब किया
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। परिषदीय स्कूल के एक शिक्षक पर सेवा समाप्ति हो सकती है। बीएसए ने अंतिम अवसर देते हुए संबंधित शिक्षक को शैक्षिक दस्तावेजों के मूल प्रति के साथ आठ मई को दोपहर 12 बजे तक कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
बीएसए जगदीश शुक्ला ने बताया कि सिसवां विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय मौलवी टोला के सहायक अध्यापक वारिश अली की शिकायत मिली थी। शिकायत के निस्तारण में शिक्षक को कारण बताओ नोटिस भेजकर जवाब तलब किया गया, लेकिन शिक्षक ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद कार्यालय की ओर से शिक्षक का वेतन रोकने और शिक्षक को शैक्षिक प्रमाण पत्र, अंकपत्र, अधिवास आदि के साथ कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए, लेकिन शिक्षक न तो आए और न ही कोई सूचना दी। ऐसे में संबंधित शिक्षक को अंतिम अवसर देते हुए आठ मई को फिर बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि अगर निर्धारित तिथि को उपस्थित न होने पर सेवा से समाप्ति करते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।