बूथ पर बनेगा भोजन, खाएंगे मतदान कर्मी
बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों को भेजा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। चुनाव ड्यूटी में लगे मतदान कर्मियों को भोजन के लिए परेशानी नहीं होना पड़ेगा। परिषदीय स्कूलों के बूथ पर रसोइयां भोजन बनाकर उन्हें खिलाएंगी। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पत्र भी जारी किया गया है। मतदान कर्मियों के लिए भोजन, नाश्ता रसोइयां तैयार करेंगी।
जिले में मतदान 19 मई को होगा। इसके लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी गई है। बीएसए जगदीश प्रसाद शुक्ल ने खंड शिक्षाधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि 18 की शाम और 19 मई को सुबह से शाम तक रसोइयों बूथ पर उपस्थित रहेंगे। ताकि बूथ पर मतदान कर्मियों के लिए भोजन और नाश्ते की व्यवस्था नियमानुसार की जा सके। उन्होंने बताया कि 18 मई को बूथ पर पोलिंग पार्टी पहुंचने पर नाश्ता और रात भोजन में चावल, दाल, सब्जी, रोटी या पूड़ी सब्जी बनाई जाएगी। मतदान के दिन 19 मई को सुबह नाश्ता, दोपहर में भोजन के समय चावल, दाल, सब्जी, रोटी या पूड़ी सब्जी की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि नाश्ता एवं भोजन के लिए मतदान अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा सामग्री उपलब्ध जाएगी या उसके लागत मूल्य देना होगा।