मतदाता सूची में गड़बड़ी पर कानूनगो, पंचायत सचिव निलंबित
छह बीएलओ की सेवा समाप्त, लेखपाल को दी गई प्रतिकूल प्रविष्टि
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में नरकटहां पहुंचे डीएम, एसपी ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गांगी बाजार। डीएम अमरनाथ उपाध्याय व पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान बुधवार को पनियरा क्षेत्र के नरकटहां में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से मतदाता सूची के बारे में जानकारी ली। इस दौरान सूची का वाचन कराया गया तो मृत लोगों के नाम भी उसमें शामिल मिले। इसके अलावा बाहर काम करने वाले लोगों के नाम भी सूची में मिले। इससे नाराज जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिव ओपी सिंह व कानूनगो सुरेंद्र प्रसाद को निलंबित कर दिया। हल्का लेखपाल दीपक सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। इसके अलावा 6 बीएलओ को मतदाता सूची व्यवस्थित न करने के आरोप में उनकी सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया।
डीएम के सामने ग्रामीणों ने गांव में सफाईकर्मी द्वारा सफाई नहीं करने व दवा की छिड़काव न होने की शिकायत की। जिस पर डीएम ने प्रत्येक 21 दिन के अंतराल में छिड़काव करने का आदेश दिया। उन्होने कहा कि मतदान के प्रति जागरूक होंगे तभी देश का लोकतंत्र मजबूत होगा। मतदान का प्रतिशत हर हाल में बढ़ना चाहिए। इसके लिए सभी को जागरूक होना होगा। पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने कहा कि मतदान निर्भिक होकर करें किसी भी व्यक्ति दबाव में न आवे। इस दौरान एसडीएम सदर सत्यम मिश्रा, खंड विकास अधिकारी गिरजा पांडेय, ग्राम प्रधान अभय सिंह, श्रीकृष्ण यादव आदि मौजूद रहे।