अभियान चलाकर हटाए अतिक्रमण
पुलिस ने बैंक व कस्बे में सड़क किनारे अतिक्रमण न करने की लोगों को चेतावनी दी
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने मंगलवार को दिन में कस्बा व बैंकों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने अतिक्रमण कर लगाए गए ठेले व खोमचे वालों को वहां से हटवा दिया। साथ ही दुकानदारों को सड़क किनारे अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी।
सीओ अशोक कुमार मिश्रा व एसओ सत्येंद्र बहादुर सिंह ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि जिन लोगों ने अतिक्रमण किया है, वह तत्काल हटवा लें अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने बताया कि सड़क के किनारे ठेला व खोमचे वाले दुकान लगा लेते हैं। इसके चलते कस्बे में आए दिन यातायात जाम की समस्या पैदा होती है। ठेले व खोमचे वालों को हटवा दिया गया। साथ ही दोबारा एक ही जगह पर ठेला व खोमचा न लगाने की चेतावनी भी दी गई। कुछ जगहों पर दुकानदारों ने भी अतिक्रमण कर लिया है। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि सड़क के किनारे बनी नाली के करीब अपनी दुकान लगाएं, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। सड़क के किनारे खड़ी बिना लॉक व लावारिस खडे़ वाहनों की जांच भी की गई। अतिक्रमण हटाने की चेतावनी के बाद बैंकों में भी लगातार दूसरे दिन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान बैंक में बिना काम के बैठे लोगों से पूछताछ भी की गई। बैंक के बाहर खड़े वाहनों की भी जांच की गई। उन्होंने बताया कि जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।