बिजली मजदूरों का एक्सईएन दफ्तर पर धरना
आश्वासन के बावजूद मांगें पूरी न होने से थे नाराज
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। बकाया मानदेय दिलाने सहित अन्य मांगें पूरी कराने के लिए विद्युत मजदूर पंचायत की जिला इकाई ने सोमवार को अधिशासी अभियंता कार्यालय के सामने धरना दिया। आंदोलनकारियों का कहना था कि बीते माह धरना के दौरान विद्युत निगम के अधिकारियों व संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई थी। अधिकारियों ने मांगें पूरी कराने का आश्वासन दिया था, इसके बावजूद मांगों के प्रति अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
संगठन के जिलाध्यक्ष छेदी प्रसाद ने बताया कि बकाया मानदेय के भुगतान सहित अन्य मांगें पूरी कराने के लिए संगठन की तरफ से कुछ दिन पहले कई दिनों तक धरना दिया गया था। जिसमें 10 अक्तूूबर को संगठन के पदाधिकारियों व अधिशासी अभियंता के बीच मांगों के संबंध में वार्ता हुई थी। अधिशासी अभियंता ने कुछ मांगें पूरी कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन उसे पूरा नहीं किया जा रहा है। संगठन के सचिव अखिलानंद उपाध्याय ने आरोप लगाया कि विद्युत मजदूरों के साथ अन्याय किया जा रहा है। इस मौके पर संगठन के सुग्रीव सहानी, शहीद, आशुतोष, धर्मेंद्र, बेचन प्रसाद, राजेश कुमार, एकरार, रामरेखा प्रसाद, साहेब अली, बैजनाथ, विनय प्रजापति, शिवपूजन, अफजल आदि मौजूद रहे।