सिसवा बाजार। ट्रेन में सफर के दौरान उचक्कों ने कस्बा निवासी अधिवक्ता की पत्नी के गले से सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता ने कप्तानगंज जीआरपी थाने में केस दर्ज कराया है।
अमरपुरवां मुहल्ला निवासी अधिवक्ता योगेंद्र प्रसाद केशरी गोरखपुर कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं तथा अपने परिवार संग वे शहर में अपने मकान में रहते हैं। उनकी पत्नी शोभा देवी बृहस्पतिवार को सुबह गोरखपुर रेलवे स्टेशन से सत्याग्रह एक्सप्रेस से सिसवा बाजार आने के लिए सवार हुईं। पिपराइच स्टेशन के पहले शोभा देवी को झपकी आ गई। इसी दौरान उचक्कों ने उनके गले से सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। ट्रेन कप्तानगंज स्टेशन पहुंचने वाली थी कि तभी शोभा देवी की नींद खुल गई। उन्हें अपने गले से चेन गायब होने का अहसास हुआ तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी उन्होंने कप्तानगंज जीआरपी को देकर कार्रवाई की मांग की है।
शांति भंग में जेल
निचलौल। थाना क्षेत्र के कोहड़वल के श्मशान में बुधवार की सुबह दफनाने के बाद नवजात बच्चे के शव को निकालकर बाहर फेंकने के मामले में आरोपी मुस्तफा को पुलिस ने शांति भंग में गुरुवार को चालान किया। उपजिलामजिस्ट्रेट ज्ञानेश्वर प्रसाद ने जमानतदारों के सत्यापन तक उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
सीएमओ ने निरीक्षण किया
मिठौरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा का सीएमओ क्षमाशंकर पांडेय ने बृहस्पतिवार को औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। जहां सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। उसके बाद इंसेफ्लाइटिस वार्ड का निरीक्षण किया। अस्पताल में साफ सफाई बेहतर रखने का निर्देश दिए।