महराजगंज। भगवान गजानन गणेश के जन्मोत्सव को लेकर पिछले एक सप्ताह से चल रही तैयारियां पूरी हो गई हैं। अधिकांश स्थानों पर पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना कर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना शुरू कर दी है। गणपति पूजा को लेकर नगर सहित देहात क्षेत्रों में काफी उत्साह है। शनिवार को सुबह से ही क्षेत्र में भगवान गणेश की प्रतिमा ले जाने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धा और उत्साह के बीच गाजे-बाजे के साथ विभिन्न वाहनों पर ...गणपति बप्पा मोरया... के जयकारे के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाएं नगर के जिला परिषद मार्केट, वीर बहादुर नगर, राजीव नगर सहित देहात क्षेत्रों में पंडालों में स्थापित की गईं। जनपद मुख्यालय समेत क्षेत्र के फरेंदा, बृजमनगंज, धानी, नौतनवा, कोल्हुई, सोनौली, निचलौल, बरगदवा, ठूठीबारी, सिसवा, घुघली, परतावल आदि स्थानों पर गणेश चतुर्थी को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखा। प्रतिमा स्थापना से पहले युवक व बच्चे सभी मिलकर अपने पंडालों को सजाने में जुटे रहे। पंडित सुशील चंद उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष भगवान गणेश गज केसरी योग में विराजेंगे। जो छात्रों, बुद्धिजीवियों के साथ-साथ राजनीतिक व्यक्तियों के लिए बहुत ही कल्याणकारी सिद्ध होगा। यह योग कई शुभ संयोग लेकर आ रहा है। नगर स्थित श्रीश्याम मंदिर के पुजारी ने बताया कि इस वर्ष गणेश उत्सव का त्योहार 10 दिनों के बजाय 11 दिनों तक रहेगा और गणपति महराज अपनी कृपा दृष्टि भक्तों पर बनाए रखेंगे।