अनुदेशकों की भर्ती पर लगी रोक हटाने की मांग
16 को लखनऊ में विधानसभा का होगा घेराव
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। शारीरिक शिक्षक बीपीएड संघर्ष मोर्चा की जिला इकाई के पदाधिकारियों की बैठक रविवार को जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज परिसर में हुई। इसमें शारीरिक शिक्षक व खेल अनुदेशकों की भर्ती पर लगी रोक हटाने व जल्द से जल्द काउंसिलिंग कराने जाने के मसले पर चर्चा की गई। साथ ही 16 अगस्त को लखनऊ में विधान सभा के घेराव को सफल बनाने पर भी चर्चा की गई।
संगठन के जिलाध्यक्ष कुलदीप मणि त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने 23 मार्च 2017 को शारीरिक शिक्षकों व खेल अनुदेशकों की भर्ती पर राजनीतिक द्वेष के चलते रोक लगा दिया। भर्ती पर लगी रोक हटाने के लिए कई बार संगठन की ओर से धरना-प्रदर्शन किया लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि न्यायालय की ओर से भी भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने के लिए प्रदेश सरकार को निर्देश दिया गया है लेकिन भर्ती पर लगी रोक हटाने के बारे में सरकार की ओर से कोई प्रक्रिया अब तक नहीं शुरू की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू नहीं की जाएगी तो 16 अगस्त को लखनऊ में विधान सभा का घेराव किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 में परिषदीय विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा को अनिवार्य विषय के रूप में लागू किया गया। सरकार शारीरिक शिक्षा के लिए बच्चों को नि:शुल्क पुस्तकें भी देती है। लेकिन विसंगति यह है कि शारीरिक शिक्षकों की भर्ती पर ही रोक लगा दी गई है। बैठक में संगठन के महेंद्र, आशीष, रामसरन, अजय, रामप्रवेश, अरुण शर्मा, जयंत गिरी, अनिल, जय प्रकाश, राममिलन, मनीष तिवारी आदि मौजूद रहे।