प्रधान के पांच व सदस्य के 30 पदों पर उपचुनाव 17 को
आठ अगस्त को होगा पर्चा दाखिला, 20 को मतगणना
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिला निर्वाचन अधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने जिले में प्रधान के पांच तथा ग्राम पंचायत सदस्य के 30 रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया है। सभी रिक्त पदों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष उपचुनाव कराने के लिए निर्वाचन तथा सहायक निर्वाचन अधिकारियों की तैनाती भी की गई है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 8 अगस्त को सुबह 10 से अपराह्न 4 बजे तक पर्चा दाखिला होगा। 9 अगस्त को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच तथा 10 अगस्त को सुबह 10 से तीन बजे तक पर्चा वापसी होगी। तीन बजे के बाद से चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। 17 अगस्त को सुबह सात से सायं 5 बजे तक मतदान और 20 अगस्त को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी।डीएम ने उपचुनाव के लिए घुघली ब्लॉक के गोपाल प्रसाद व अंबू सिंह को क्रमश: निर्वाचन तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। मिठौरा ब्लॉक के लिए एडीओ आईएसबी विजय कुमार को निर्वाचन तथा सुग्रीव शुक्ला को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। नौतनवां के लिए संतोष शुक्ला व केशव प्रसाद, लक्ष्मीपुर ब्लॉक के लिए तारकेश्वर पांडेय तथा जगदीश नारायण शर्मा, निचलौल ब्लॉक के लिए मनोज कुमार व अरविंद सिंह, बृजमनगंज ब्लॉक के लिए सावित्री तथा कृष्ण मोहन, परतावल ब्लॉक के लिए श्यामसुंदर पटेल व अरशद अली, फरेंदा के लिए शिवकुमार व हेमंत कुमार तथा सिसवां ब्लॉक के लिए उपेंद्र व राम अवध पाल को क्रमश: निर्वाचन तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है।