महराजगंज। मानसून में विलंब से सूख रही धान की बेहन के लिए दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश संजीवनी से कम नहीं है तो शहरों में जल जमाव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जिन किसानों की रोपाई पिछड़ रही थी उनकी बाछें खिला गईं और धान की रोपाई शुरू कर दी है।
बीते कई दिनों से बारिश न होने से धान की रोपाई पिछड़ने लगी थी लेकिन सोमवार से ही बदले मौसम के मिजाज से मंगलवार को झमाझम बारिश हुई। इससे गर्मी से भी थोड़ी राहत मिली। इसका ज्यादा फायदा किसानों को हुआ। मंगलवार को झमाझम बारिश से खेतों में अच्छा पानी जमा हो जाने के कारण किसानों को इसका लाभ मिला। घुघली क्षेत्र में तमाम किसानों ने रोपाई की। नगर में विभिन्न स्थानों पर जलजमाव से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। नगर में हनुमानगढ़ी के पास रोड पर बने गड्ढे में पानी जमा होने से आने जाने में लोगों को परेशानी हुई। वहीं अमरूतियां, पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर समेत अन्य स्थानों पर जलजमाव हो गया। काफी देर बाद कुछ स्थानों पर पानी हट गया। लेकिन गड्ढायुक्त सड़कों में पानी जमा हो जाने से आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
ठूठीबारी प्रतिनिधि के अनुसार, मंगलवार को झमाझम बारिश से क्षेत्र के किसानों में खुशी है। बीते दिनों ठूठीबारी क्षेत्र में तेज धूप, उमस भरी गर्मी से लोग काफी परेशान रहे। वहीं बेहन सूखने की चिंता सताने लगी कुछ किसानों ने पंपिंग सेट से पानी चलाना शुरू भी कर दिया था लेकिन मंगलवार को झमाझम बारिश से काफी राहत मिली।