महराजगंज। विधान सभा चुनाव को लेकर जिला मुख्यालय पर नामांकन के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को गहमागहमी बढ़ गई। चुनाव आयोग की सख्ती के बीच पनियरा विधान सभा सीट से पूर्व विधान परिषद सदस्य बसपा प्रत्याशी के रूप में गणेश शंकर पांडेय सहित आठ प्रत्याशियों ने सादगी से नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन करने वालों में भाजपा, बसपा, कांग्रेस और राष्ट्रीय लोक दल के दो-दो उम्मीदवार हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने समर्थक और प्रस्तावक के साथ कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न कक्षों में प्रत्याशियों ने निर्वाचन अधिकारी को नामांकन पत्र सौंपा। सिसवा विधान सभा 317 से सदर ब्लाक के ग्राम पिपरा बाबू निवासी 54 वर्षीय प्रेमसागर पटेल ने भाजपा से पर्चा दाखिल किया है।
उनके पास 26 लाख 80 हजार रुपये तथा पत्नी के नाम 4 लाख रुपये नकदी है। 47 लाख 80 हजार मूल्य की अचल ख्ुद की संपत्ति और पत्नी के नाम 55 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति है। इनके पास एक स्कार्पियो गाड़ी है तथा 8 लाख 50 हजार रुपये की देयता है। इनकी शैक्षिक योग्यता स्नातक है।
फरेंदा विधान सभा क्षेत्र से 42 वर्षीय वीरेंद्र चौधरी निवासी फरेंदा ब्लाक के सिंहपुर अयोध्या ने इंडियन नेशनल कांग्रेस से नामांकन दाखिल किया है। वीरेंद्र चौधरी किसी अपराध में दोष सिद्ध नहीं हैं लेकिन फरेंदा थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
इनके पास 6 लाख 80 हजार रुपये के आभूषण एवं नकदी है। सिंहपुर अयोध्या में भूमि एवं मकान है। शैक्षिक योग्यता सिविल इंजीनियर है। विजय सिंह निवासी ग्राम महदेवा बुजुर्ग ने राष्ट्रीय लोक दल के प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया है। विजय सिंह एडवोकेट पर किसी प्रकार का कोई मुकदमा नहीं है। पेशे से वकील हैं।
इनकी शैक्षिक योग्यता एमए, एलएलबी है। केसीसी धारक है। वाहन में एक स्कार्पियो है। उनके नाम दो नाली बंदूक भी है। इनके पास पांच एकड़ भूमि व 5500 वर्ग फुट में मकान है। स्वयं के पास 60 हजार रुपये नगद तथा पत्नी के पास 10 हजार रुपये नकद है। इसके अलावा बैंक में दस लाख रुपये तथा इतने रुपये का एनएससी भी है।
पनियरा विधान सभा क्षेत्र से 59 वर्षीय गणेश शंकर पांडे निवासी ग्राम नउवाडीह उर्फ देवपुर बसपा के प्रत्याशी हैं। इनका आपराधिक विवरण शून्य है। वे चार बार एमएलसी और विधान परिषद के सभापति रह चुके हैं। स्वयं के पास 47 लाख 32 हजार रुपये नकदी है। इनके पास एक करोड़ 40 लाख की कृषि भूमि तथा एक करोड़ 71 लाख रुपये मूल्य की गैर कृषि भूमि है। इनकी शैक्षिक योग्यता स्नातक है।
59 वर्षीय वही ज्ञानेंद्र सिंह निवासी ग्राम व पोस्ट परतावल बाजार ने भाजपा से नामांकन किया है। इनका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। वे पनियरा क्षेत्र से तीन बार विधायक भी रह चुके हैं। स्वयं के पास 25 लाख 83 हजार रुपये तथा पत्नी के पास 3 लाख 78 हजार की चल अचल संपत्ति है। इनके पास 37 लाख रुपये की कृषि भूमि भी है। 30 लाख रुपये की मूल्य का मकान है। आठ लाख रुपये की देयता है।
वे हाई स्कूल फेल है, और स्वयं कृषक है। पनियरा ब्लाक के ग्राम रामनगर निवासी 72 वर्षीय गनपत सिंह ने राष्ट्रीय लोक दल से नामांकन किया है। वे पूर्व मे पनियरा क्षेत्र से एक बार विधायक भी रह चुके है। इनका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। इनके पास 30 हजार रुपये नकद, 40 एकड़ कृषि भूमि और 10 एकड़ गैर कृषि भूमि है। एक आवासीय मकान भी है। वे इतिहास में एमए है।
316 नौतनवां विधान सभा क्षेत्र से 39 वर्षीय समीर त्रिपाठी निवासी ग्राम महुअवां अड्डा बाजार ने भाजपा से नामांकन किया है। समीर त्रिपाठी के नामांकन पत्र में आपराधिक विवरण शून्य दर्शाया गया है। उनके पास 13 लाख रुपये तथा पत्नी के पास 10 लाख रुपये तथा आश्रित के पास 36 हजार रुपये नकदी है। 36 लाख रुपये की कृषि भूमि और 10 लाख रुपये की गैर कृषि भूमि के स्वामी होने की बात कही है।
15 लाख रुपये मूल्य का आवासीय भवन है। वह स्वयं कृषक हैं। शैक्षिक योग्यता यूपी बोर्ड से इंटर तथा डिप्लोमा कला है। 37 वर्षीय एजाज अहमद निवासी रहमान मार्केट आनंद नगर ने बसपा से नामांकन दाखिल किया है। इनका आपराधिक विवरण शून्य है। स्वयं के पास 34 लाख 67 हजार रुपये की चल तथा पत्नी के पास 11 लाख 20 हजार के गहने तथा नकद, 2.60 लाख के गहन हैं। 50 लाख रुपये का कृषि भूमि, 40 लाख रुपये के मूल्य का बाग तथा 88 लाख रुपये मूल्य का मकान स्वयं के नाम है। वे पेशे से व्यापारी हैं।