60 स्थानों पर चेकिंग कर सड़क पर ट्रक खड़ा करने वालों को दी गई चेतावनी
महराजगंज। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ट्रकों से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के मामले में पुलिस ने बुधवार को जिले में विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में 60 स्थानों पर चेकिंग कर सड़क पर गलत तरीके से खड़े मिले 78 ट्रकों का चालान किया। कार्रवाई के साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों, बाजारों और ऐसे स्थानों पर जांच की जहां सड़क किनारे ट्रकों के खड़े रहने से आवागमन प्रभावित होता है। चेकिंग के दौरान बेतरतीब तरीके से खड़े और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले ट्रकों को चिह्नित किया गया।
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं में चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही चालकों को समझाया गया कि ट्रकों को सड़क पर खड़ा करने के बजाय निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही पार्क करें।