महराजगंज। वनटांगिया विकास समिति का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को जिलाधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी मांगों से संबंधित ज्ञापन देकर वनग्राम सूरपार व भारीवैसी के लोगों को सस्ते दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए नए कोटेदार का चयन कराने की मांग की। वनटांगियां लोगों का कहना है कि उनके यहां के कार्डधारकों का कोटा दूसरे कोटेदार से संबद्ध कर दिया गया है। इससे उन्हें परेशानी हो रही है।
वनटांगिया विकास समिति के अध्यक्ष जयराम प्रसाद ने डीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि कई स्थानों पर नए कोटेदार के चयन हो गए हैं। अभी तक वनग्राम सूरपार व भारीवैसी के लिए नए कोटेदार का चयन नहीं हो सका है। इससे वनटांगिया समुदाय को समय से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सस्ते दर खाद्यान्न मिलने का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कोटेदार का चयन न होने से लोगों को वन ग्राम से दूर राशन तेल लेने जाना पड़ता है, जिससे परेशानी होती है। ज्ञापन देने वालों में रूपचंद निषाद, बेचू प्रसाद, सूर्यमन, पूर्नवासी आदि शामिल थे।