महराजगंज। आंगनबाड़ी वर्करों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल के 15वें दिन सोमवार को गांधी जयंती के दिन कलेक्ट्रेट के सामने दांडी यात्रा निकाल कर आवाज बुलंद किया। दांडी यात्रा के दौरान बापू की वेश भूषा धारण एक शख्स आगे बढ़ा तो सभी वर्कर उनके साथ हो लिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मानदेय में वृद्धि सहित दस सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।
सोमवार को कलेक्ट्रेट के सामने से दांडी यात्रा शुरू हुई तो जिला मुख्यालय पर मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता साथ हो लिए। दांडी यात्रा जिला अस्पताल, डीएम आवास, एआरटीओ दफ्तर, एसपी कार्यालय, विकास भवन से होकर पुन: धरना स्थल पर पहुंची। यात्रा में शामिल लोग बापू के प्रिय भजन का गायन कर रहे थे। आंदोलनकारियों ने कहा कि अब बापू के बताए मार्ग का अनुसरण कर मांगों को पूरा कराया जाएगा।
जिलाध्यक्ष छाया भारती ने कहा कि बापू ने अंग्रेजों के खिलाफ दांडी यात्रा शुरू कर अपने मजबूत इरादों का परिचय दिया था। ऐसे में आंगनबाड़ी वर्कर भी बापू के सिद्धांतों पर अमल करते हुए आंदोलन को गति देने में लगे हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मानदेय में वृद्धि होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
दांडी यात्रा में जिला संरक्षक राधेश्याम मौर्य, राजदुलारी, पूनम, सत्येन्द्र पटेल, माधुरी, सावित्री, ऊषा, गीता, नाजमा, द्रोपति, ज्ञानमति, शोभा, अनीता देवी, बविता, संगीता, मंजू के अलावा तमाम वर्कर मौजूद रहे।