निचलौल। आवास की मांग को लेकर क्षेत्र के आमूतलाव गांव के दंपती ने मंगलवार को तहसील परिसर में भूख हड़ताल शुरू कर दी। गरीबी में जीवन यापन को मजबूर दंपती रंभा देवी व उनके पति नाथू चौहान का कहना है कि वह काफी गरीब हैं। मजदूरी से दो जून की रोटी का जुगाड़ भी मुश्किल से हो पाता है। काफी दिनों से झोपड़ी जीवन काट रहा हूं, जो कभी भी गिर सकती है। उसे अब तक किसी प्रकार की सरकारी सहायता नहीं मिली है। आरोप लगाया कि चुनावी रंजिश वश सरकारी योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है। तमाम अपात्रों को आवास दिया गया है जिसकी जांच कराकर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जरूरत है। रंभा देवी ने कहा कि सरकार की योजनाओं को लाभ नहीं मिल रहा है। अधिकारी पता नहीं किस तरह जांच करते हैं कि जरूरतमंद को योजना से वंचित होना पड़ रहा है। तेज हवा का झोंका भी बर्दाश्त नहीं कर पाने वाली झोपड़ी की हालत में हम गुजारा कर रहे हैं, इसको कोई नहीं देख रहा है। रंभा ने आवास दिलाने की मांग की है।