महराजगंज। बीएसएनएल के फिर अच्छे दिन लौट रहे हैं। निजी संचार कंपनियों के रिचार्ज की बढ़ती दर को देखते हुए अब लोगों का मोह भंग होता जा रहा है। लोग फिर बीएसएनएल की ओर लौटने लगे हैं। एक माह में केवल महराजगंज सदर में 700 लोगों ने अपने सिम बीएसएनएल में पोर्ट करा लिए हैं। साथ ही दो हजार के करीब नए सिम भी बिक चुके हैं।
बीते जून महीने से ही निजी टेलीकाॅम कंपनियों ने अपने रिचार्ज के दाम लगभग 20 फीसदी महंगे कर दिए हैं। इसके चलते लोगों का झुकाव बीएसएनएल की ओर हो गया है। जगह-जगह स्टॉल लगाकर सिम बेचे जा रहे हैं। स्टॉल पर लोगों की भीड़ भी उमड़ने लगी है। वहीं बीएसएनएल का सिम चलाने वाले ग्राहकों की केवाईसी की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। इसे कार्यालय व रिटेलर के पास जाकर निशुल्क कराया जा सकता है। इसी तरह पुराने सिमकार्ड को भी बदला जा सकता है। अगर सिम ने काम करना बंद कर दिया है, उसके लिए मात्र 50 रुपये का शुल्क लेकर नया सिम उपलब्ध हो रहा है।
नेटवर्क हुआ दुरुस्त, रिचार्ज भी सस्ता
बीएसएनएल में सस्ते रिचार्ज के साथ नेटवर्क भी ठीक मिल रहा है। डॉ. डीके कुशवाहा कहते हैं कि पांच दिन पहले सिम पोर्ट कराया हूं। अभी सस्ते में काम चल रहा है। आने वाले दिनों में ऐसे ही व्यवस्था रही तो ठीक रहेगा। गौनरिया राज के मनीष कहते हैं कि वर्तमान में बीएसएनएल का नेटवर्क ठीक है। लोड बढ़ने पर भी ठीक रहेगा तो अधिक लोग जुड़ेंगे। वर्तमान में सिम पोर्ट कराने के बाद फायदा मिल रहा है। इसी तरह से सुजीत, सत्येंद्र, राकेश ने भी यही बातें कही। इन सभी लोगों ने तीन दिन पहले सिम पोर्ट कराया है।
बीएसएनएल सिम के प्रति उपभोक्ताओं का रुझान बढ़ा है। सिम पोर्ट कराने वाले लोगों की संख्या न सिर्फ बढ़ी है, बल्कि नये सिम की बिक्री भी तेज हुई है। रिटेलर भी सिम की डिमांड कर रहे हैं।
-सुबोध मिश्रा, एसडीओ, बीएसएनएल