लक्ष्मीपुर के करैला अजगरहा में भीषण आग से 60 एकड़ फसल जलकर राख।
दोपहर में हुई घटनाओं ने करीब सौ किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, अब दो वक्त की रोटी भी मुश्किल
लक्ष्मीपुर ब्लॉक के करैला अजगरहा और पनियरा ब्लॉक के रजौड़ा खुर्द गांव में लगी आग में जली फसल
महराजगंज। जिले में जारी अगलगी की घटनाओं के बीच शुक्रवार को भी दो क्षेत्रों के तीन गांवों में करीब 70 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग लगने की घटना से करीब सौ किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। आग लगने की ताजा घटना लक्ष्मीपुर ब्लॉक के करैला अजगरहा, निचलौल के करमही गांव और पनियरा ब्लॉक के रजौड़ा खुर्द गांव में हुई।
लक्ष्मीपुर प्रतिनिधि के अनुसार,
नौतनवा तहसील के लक्ष्मीपुर ब्लॉक स्थित करैला अजगरहा गांव में शुक्रवार को दोपहर के समय अज्ञात कारणों से आग लग गई। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग में जलकर 60 एकड़ में खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इस आग में 90 किसानों की सालभर की मेहनत कुछ ही पलों में जलकर राख हो गई। फसल को जलते देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। किसान दौड़ते-भागते अपने खेतों की ओर पहुंचे, मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हर ओर धुआं और चीख-पुकार का माहौल था।
जली हुई फसल को देख किसानों की आंखें डबडबा गई थीं। कई किसानों ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी और अब फसल जल जाने के बाद उनके सामने कर्ज चुकाने और परिवार का भरण-पोषण करने का संकट खड़ा हो गया है। महिलाओं और बच्चों पर भी इस त्रासदी का गहरा असर पड़ा है। घर की रसोई कैसे चलेगी, बच्चों की पढ़ाई कैसे होगी, इन सवालों ने हर परिवार को चिंता में डाल दिया है।
उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल राजस्व टीम को मौके पर भेजकर आवश्यक विभागीय कार्यवाही करने तथा प्रभावित किसानों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। लेखपाल तनवीर अहमद मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। किसानों को हर सम्भव मदद दी जाएगी।
निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार, तहसील क्षेत्र के गांव करमही में शुक्रवार को आग लगने के चलते करीब आठ एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। तहसीलदार अमित कुमार सिंह ने बताया कि गांव करमही के सिवान स्थित गेहूं की फसल लगी एक खेत में अचानक आग लग गई। इस दौरान कई किसानों का करीब आठ एकड़ गेहूं का फसल जलकर राख हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम पीड़ित किसानों की नुकसान फसलों का जायजा लेकर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उधर पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रजौड़ा खुर्द व स्थानीय नगर पंचायत के सीवान में शुक्रवार की दोपहर करीब 1230 बजे अचानक आग लगने से लगभग दो एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। बड़ी मुश्किल से ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। फॉयर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और उसने भी आग बुझाने में योगदान दिया। घटना की सूचना पर एसओ राघवेन्द्र कुमार सिंह व फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग पश्चिम की दिशा से आई है। आग कैसे लगी, यह नहीं पता चल पाया। घटना में इंद्रासन यादव का एक एकड़, संतराज 30 डिसमिल, नागेंद्र, पारस, बबलू, बद्री का 15-15 डिसमिल, बहादुर और रामसूरत की 30 डिसमिल में जमीन में खड़ी गेहूं की फसल जल कर राख हो गई है।