महराजगंज। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने कैंप कार्यालय में सोमवार को विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा में गैरहाजिर रहे दो अधिशासी अभियंताओं का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए। वहीं पर डीएम ने सीएमओ से कहा कि टीम बनाकर संचारी रोग नियंत्रण सहित अन्य अभियानों का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कराने तथा अभियान में रुचि न लेने वाले चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
कार्यदायी संस्था यूपीसीएल द्वारा घुघली व सोहगीबरवां में तथा उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम की ओर से गोपाला में अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। दोनों ही कार्यदायी संस्थाओं की ओर से देरी की जा रही है। सबसे अहम बात तो यह रही कि दोनों एक्सईएन समीक्षा बैठक में गैरहाजिर रहे। जिनका वेतन बाधित करने के लिए डीएम ने सीडीओ को निर्देश दिया।
वहीं पर संचारी रोग, दस्तक व फाइलेरिया रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान में गांवों में लगे चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा रुचि नहीं देखने को मिल रही है। जिस पर डीएम ने सीएमओ को निर्देशित किया कि लापरवाह कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करें तथा सफाई कर्मी, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी, रोजगार सेवक ग्राम प्रधान व कोटेदार की टीम बनाकर शत प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति कराएं तथा प्रगति रिपोर्ट प्रेषित करें।
डीएम ने कहा कि छात्रवृत्ति को लेकर पूर्व में गठित टीम रैंडम सत्यापन कर दस दिन में रिपोर्ट उपलब्ध कराया जाए। समाज कल्याण अधिकारी गांवों में पेंशन शिविर लगवाएं। मौके पर डाटा ऑनलाइन कराएं। महिला हेल्पलाइन पर 13 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसके निस्तारण में पुलिस के असहयोग की बात सामने आई। मुसहर व वनग्राम में लग रहे सोलर लाइट की निगरानी के लिए नेडा के परियोजना अधिकारी को निर्देश दिया। सभी बीडीओ प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास की जांच कर दो दिन में रिपोर्ट प्रेषित करें।
सड़क निर्माण में शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई
बैठक में सड़कों के निर्माण की भी समीक्षा हुई। बताया कि इन दिनों नौ सड़कों पर कार्य कराया जा रहा है, जो मार्च तक पूरा हो जाएगा। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क निर्माण में कहीं से भी शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। यदि शिकायत मिली तो कार्रवाई होगी।
25 फरवरी को सोहगीबरवां व नगर में होगा सामूहिक विवाह
जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में यह भी कहा कि 25 फरवरी को सोहगीबरवां व महराजगंज नगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह होगा। इसके लिए अलग अलग टीम बनाई जाएंगी।