रोशनी से जगमग होंगे सरकारी भवन
विविध कार्यक्रमों के बीच समारोह पूर्वक मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस विविध कार्यक्रमों के बीच समारोह पूर्वक मनाया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। 14 व 15 अगस्त की रात सभी सरकारी भवन रोशनी से जगमग होंगे।
डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने कहा कि 15 अगस्त की सुबह साढ़े छह बजे से स्कूली बच्चे प्रभातफेरी निकालेंगे। इसकी जिम्मेदारी डीआईओएस, बीएसए, सीओ व विद्यालयों की होगी। आठ बजे से सरकारी, गैरसरकारी भवनों व प्रतिष्ठानों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। एसडीएम अपने क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों व आश्रितों को सम्मानित करेंगे। नौ बजे प्रभागीय वनाधिकारी एवं कार्यालयाध्यक्ष अपने कार्यालय परिसर में पौधरोपण कराएंगे। दस बजे शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण किया जाएगा। स्टेडियम से ग्राम बौलिया तक क्रास कंट्री रेस होगा। साढ़े दस बजे सीएमओ की ओर से जिला चिकित्सालय में मरीजों तथा जिला कारागार में बंदियों के बीच फल वितरित किया जाएगा। 11 बजे से सभी ईओ, एसडीएम, पीओ डूडा व सीएमओ सभी निकायों में मलिन बस्ती में सफाई अभियान चलाएंगे। एसडीएम सदर, बीडीओ घुघली व ईओ घुघली ग्राम पंचायत बिशुनपुर गबड़आ में शहीद स्मारक पर फल-माला चढ़ाएंगे। तीन बजे से जिला कारागार में बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। सायं 6 बजे से पीजी कॉलेज के हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।