टॉपर प्रिंस के गांव तक बनेगा गौरव पथ
अमर उजाला ब्यूरो
कोठीभार। यूपी बोर्ड हाईस्कूल के टॉपर व रामप्यारे इंटर कालेज (आरपीआइसी) के छात्र प्रिंस विश्वकर्मा ने प्रदेश में नौंवा स्थान प्राप्त किया था। इसके मद्देनजर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रिंस के गांव में उसके नाम से सड़क बनवाने के लिए घोषणा की थी। इस बीच रविवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रिंस के नाम पर बनाई जाने वाली सड़क का शिलान्यास किया गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मार्ग का नाम गौरव पथ रखते हुए जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि मेधावियों के नाम पर बनाई जाने वाली सड़क का उद्घाटन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित जिले के मेधावियों से कराएं। लखनऊ से कार्यक्रम के दौरान इसकी जानकारी टॉपर प्रिंस विश्वकर्मा ने दी। उसने बताया कि साथ में जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, आरपीआईसी स्कूल के संचालक ई. नीरज तिवारी, देवेंद्र शुक्ला, धीरज तिवारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।