महराजगंज। सदर तहसीलदार राजेश कुमार जायसवाल ने जुर्माना की राशि जमा न करने पर ग्राम पंचायत अहिरौली निवासी रसीद का ट्रैक्टर खिंचवा लिया है। अब बेदखली की कार्रवाई के तहत भवन गिरवाया जाएगा। रविवार को तहसीलदार राजेश कुमार जायसवाल अपने सहयोगी नायब तहसीलदार सुनील कुमार, संग्रह अमीन विजय प्रकाश त्रिपाठी, रामचयन, भगवंत प्रसाद व रामदुलारे के साथ ग्राम पंचायत अहिरौली पहुंचे तथा ग्राम पंचायत का करीब 3.35 लाख रूपये जुर्माना जमा करने को कहा। जुर्माना न जमा करने पर ट्रैक्टर खिंचवा कर तहसील परिसर लाया गया। तहसीलदार ने बताया कि रसीद द्वारा ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से मदरसा बनवा लिया गया है। अवैध निर्माण को देखते हुए 122 बी के तहत कार्रवाई की गई। अवैध कब्जाधारी के ऊपर 3.35 लाख का जुर्माना ठोंका गया। जुर्माना न जमा करने पर ट्रैक्टर खिंचवाया गया। अब बेदखली की कार्रवाई के तहत मदरसा भवन को ध्वस्त कराया जाएगा। तहसीलदार ने बताया कि राजस्व वसूली को लेकर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है, जो भी राजस्व जमा करने में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।