महराजगंज। सरकार जहां स्वच्छता पर जोर दे रही है वहीं नगर पालिका प्रशासन इस मसले पर कुछ खास सजग नहीं है। मुख्य रोड पर तो सफाई को लेकर सक्रियता दिखी लेकिन मुहल्ले के अंदर उदासीनता का नमूना दिखा। नगर पालिका में 25 वार्ड में करीब 35 हजार की आबादी रहती है। मुहल्लों में कूडे़ से उठ रही दुर्गंध से जीना मुहाल हो गया है। सफाई कर्मियों की उदासीनता के कारण कुछ लोग स्वयं ही नाली को साफ कर लेते हैं। ‘अमर उजाला टीम’ ने नगपर में सफाई व्यवस्था की पड़ताल की तो सफाई कर्मियों का पूरा ध्यान सिर्फ मुख्य रोड पर ही रहा।
राजीव नगर, 7.17 बजे
राजीव नगर मुहल्ले में आफिसर्स कालोनी के पास रामबिलास नाम का एक सफाई कर्मी मिला। उसके साथ काम करने वाला दूसरा कर्मी काम पर आया ही नहीं था। हल्की बारिश हो रही थी। रेन कोट पहने रामबिलास के हाथ में दस्ताना नहीं था। पैर में जुते भी नहीं थे। रामबिलास नाली से कूडे़ को निकाल रहे थे।
सक्सेना चौक, 7.51 बजे
नगर के सक्सेना चौराहे से थोड़ा आगे नगर पालिका का ट्रैक्टर ट्राली मिला। चालक समेत चार सफाई कर्मी मिले। सफाई कर्मी सत्तरा, बडकू कूडा उठाकर ट्राली में रख रहे थे और चालक लड्डू ट्रैक्टर चला रहे थे। रोड के किनारे पडे़ हुए कूडे़ हटाने में सक्रियता दिखी।
नगर पालिका कार्यालय, 7.54 बजे
नगर पालिका कार्यालय गेट पर किशोर झाडू लगाते हुए दिखे। सफाई कर्मी मनोज भी अंदर सफाई कर रहे थे। इनके अलावा कुछ अन्य कर्मी कार्यालय परिसर में टहलते हुए मिले। वही रैन बसेरा में दर्जनभर सफाई कर्मी आराम करते हुए मिले। बोले कि रिर्जव में ड्यूटी है। जरूरत पड़ने पर काम शुरू किया जाता है।
मऊपाकड चौराहा, आठ बजे
सोनपति देवी महिला महाविद्यालय डिग्री कालेज के सामने रोड के किनारे कूड़ा लगा हुआ था। कूड़ा ढोने वाला ठेला कूडे़ पर पास था। बेतरतीब पडे कूडे को उठाया नहीं गया था। रास्ते गुजरे से मनोहर बोले की हर रोज ऐसे ही होता है। कूडे़ को समय से हटाने की फूर्सत किसी को नहीं है।
सुभाष नगर, 8.14 बजे
सुभाष नगर मुहल्ले में गली से होकर जाने पर आगे रोड के किनारे कूडे़ का ढेर मिला। मुहल्ले के लोग कूूडे़ को इकट्ठा कर रोड के किनारे जमा कर दिए लेकिन कोई उठाने वाला नहीं मिला।
लोहिया नगर, 8.20 बजे
लोहिया नगर मुहल्ले में आरसी लाल के घर सामने कूडे़ का ढेर लगा था। स्कूल जाने बच्चे नाक बंद कर रास्ते गुजरे। वहीं मुहल्ले के पूर्व सभासद योगेन्द्र मणि त्रिपाठी भी बदबू के कारण नाक बंद कर जाते हुए दिखे। रोष प्रकट करते हुए बोले मुहल्ले में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। मुुहल्ले मे सुधीर पांडेय स्वयं नाली सफा करते हुए दिखे। हरी प्रसाद मौर्य बोले कि सफाई कर्मी आते ही नहीं हैं।
काशीराम आवास चिऊरहां, 8.37 बजे
चिऊरहां काशीराम आवास में रोड पर ठेला कूडे़ के पास पड़ा हुआ था। पास में पुलिया पर सफाई कर्मी चन्द्रशेखर बैठा हुआ मिला। वह एक बच्चे से बातचीत कर रहा था। कूडे से उठने वाली दुर्गंध से लोग परेशान रहे लेकिन कूडे़ को हटाया नहीं गया था।
--------------------------------------------------------------------------------------------------------
नगपालिका की सफाई व्यवस्था पर एक नजर
स्थाई सफाई कर्मी--8
दैनिक सफाई कर्मी---20
संविदा सफाई कर्मी--57
चार ट्रैक्टर ट्राली पर चालक समेत 20 कर्मी
सफाई के लिए मिलने वाले सामान
कुदाल, झाडू, बेलचा, पांचा, बर्दी
----------------------------------------
दस्ताना, जुता सफाई कर्मियों को नहीं मिला
मानिटरिंग के लिए पांच सफाई नायक तैनात
नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की मानिटरिंग के लिए पांच सफाई नायक तैनात हैं। एक सफाई नायक के जिम्मे पांच मुहल्ला है। गौरीशंकर, उमाशंकर, तुलसी, राकेश, इन्द्रासन को सफाई नायक बनाया गया है।
--------------------------------------------------------------------------------------------
हर माह सफाई पर खर्च होता 12 लाख
महराजगंज। नगर पालिका परिषद में स्थाई संविदा सभी सफाई कर्मियों को मिलाकर 85 कर्मी तैनात है। इन सभी कर्मियों पर करीब 12 लाख 36 हजार रुपये प्रति माह वेतन मद में खर्च होता है। इतनी मोटी रकम खर्च करने के बाद भी नगर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है।
-------------------------------------------------------------------------------------------------------
नगर में सफाई का शेड्यूल
सुबह 6 बजे से 10 बजे तक
दोपहर 1 बजे से 5 बजे तक
-------------------------------------------------------------------------------------
नगर सफाई व्यवस्था को लेकर सफाई कर्मियों को सजग रहने को कहा गया है। अगर कहीं कोई दायित्व के प्रति उदासीन मिलेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डा. लव कुमार मिश्रा, प्रभारी ईओ, नगर पालिका परिषद महराजगंज