रिजल्ट के लिए मुखर हुए छात्र, डीएम को ज्ञापन
महराजगंज। बुधवार को स्थानीय जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज के बीए तृतीय वर्ष के छात्रों ने डीएम को ज्ञापन देकर जल्द परीक्षा परिणाम घोषित कराने की मांग की है। छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर 6 जुलाई तक परीक्षा परिणाम नहीं आया तो 7 जुलाई से आमरण अनशन किया जाएगा।
छात्र नेता अविनाश कुमार ने कहा कि बीए तृतीय वर्ष परीक्षा परिणाम की घोषणा नहीं होने से विद्यार्थियों को तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जिन छात्रों को अन्य कॉलेजों में बीएड, बीटीसी, एमए, एलएलबी में दाखिला लेना है, उनकी सांस अटकी हुई है। परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने से ऐसे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
विजय वर्मा ने कहा कि सबसे बड़ी परेशानी यह है कि महाविद्यालय प्रशासन कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे रहा है। दूसरे विश्वविद्यालय या कॉलेजों में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। कॉलेज प्रशासन छात्रहित को लेकर जरा भी गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर 6 जुलाई तक परीक्षा परिणाम घोषित नहीं हुआ तो पीजी कॉलेज के बीए तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं के साथ छात्र संघ के पदाधिकारी 7 जुलाई से आमरण अनशन शुरू करेंगे। इस मौके पर कमलेश्वर कुमार गुप्ता, अमित कुमार, आनंद, जियाउल हक, सर्वेश चौरसिया, हरिकेश, फिरोज, शिवशंकर गुप्ता, सूरज वर्मा, अजय कुमार, भानुप्रताप तिवारी आदि मौजूद रहे।