कोसी में सोमवार रात दो गांवों में शादी समारोहों में हुआ हादसा
- फोटो : अमर उजाला
सिसवा बाजार के वार्ड नंबर सात के एक परिवार के छह लोग रविवार रात सरपुतिया की सब्जी खाने से बीमार हो गए और सोमवार की सुबह नौ बजे तक अचेत रहे।
परिवार के एक बच्चे के शोर मचाने के बाद पहुंचे स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस से सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कोठीभार वार्ड नंबर सात निवासी शारदा मद्धेशिया के घर रविवार की रात सरपुतिया की सब्जी बनी थी। रात में शारदा (45), पत्नी सुनीता (40), बेटी खुश्बू (17), शिवानी(15), पिता राधेश्याम मद्धेशिया(60) व माता दुर्गावती(55) ने भोजन किया। फिर सभी सोने चले गए। शारदा का 16 वर्षीय बेटा शुभम बाहर से खाकर आया था, जो पहले ही सो गया था।
सोमवार की सुबह जब शुभम की नींद खुली तो पूरे घर में सन्नाटा था और उसने पहले अपनी बहनों को जगाया लेकिन वो नहीं उठीं। फिर उसने अपने माता-पिता को जगाया लेकिन वो भी न उठे। इससे शुभम घबरा गया और फिर दादा-दादी के कमरे में पहुंचा तो वे भी अचेत मिले।
इसके बाद शुभम दौड़कर बाहर की तरफ भगा और शोर मचाना शुरू किया। शुभम की शोर सुन आसपास के लोग एकत्र हुए और तुरंत 108 नंबर पर फोन कर एम्बुलेंस बुलाया और सभी बीमारों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया।
इस संदर्भ में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर ईश्वर चंद्र विद्या सागर ने बताया कि मरीज अचेत अवस्था में हॉस्पिटल आए थे। तीन को उल्टी भी हो रही थी। फूड प्वाइजिनिंग की संभावना है सबका प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।