महराजगंज। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पांच से 21 जून तक संचालित होने वाले समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में की गई। बृहस्पतिवार को प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि उन्होंने बताया कि जनपद में पांच जून को कुल 5.81 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
बैठक के दौरान दयाशंकर मिश्र ने पौधरोपण अभियान, जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम, जन समस्या समाधान शिविर, स्वास्थ्य मेले, विकास प्रदर्शनी, योग शिविर तथा अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों के सफल एवं प्रभावी संचालन के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान के सभी कार्यक्रमों में जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए अधिकतम लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ एवं जानकारी पहुंचाई जाए। पौक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों, नहरों एवं तालाबों के किनारे छायादार तथा फलदार पौधों का रोपण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रभारी मंत्री ने रात्रि चौपालों को अधिक जनोन्मुख एवं प्रभावी बनाने पर बल देते हुए निर्देश दिया कि इन कार्यक्रमों में राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों का सहयोग लिया जाए, जिससे अधिकाधिक नागरिकों तक योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पहुंच सके। उन्होंने कृषि गोष्ठियों का आयोजन ब्लॉक एवं जिला स्तर पर प्रभावी ढंग से करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अभियान अवधि के दौरान विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि सड़कों, अस्पतालों, तालाबों, पार्कों तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। गंदे एवं अनुपयोगी स्थलों को स्वच्छ बनाकर वहां पौधरोपण किया जाए। साथ ही कार्यालय परिसरों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। जनपद को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के प्रारंभ में प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।