कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह को लेकर बैठक करते डीएम अनुनय झां।संवाद
- बृहस्पतिवार को जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्र में होगा सामूहिक विवाह, नोडल अधिकारी नामित
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए विभाग के पोर्टल पर 562 आवेदन मिले हैं। इसमें से 347 आवेदकों का सत्यापन भी कर लिया गया है। विवाह कार्यक्रम को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए नोडल की तैनाती भी हो गई है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में 23 नवंबर को विवाह कराया जाना है। सदर, घुघली व मिठौरा ब्लॉक एवं नगर पालिका सदर व नगर पंचायत चौक व घुघली के लाभार्थियों का विवाह नगर के महालक्ष्मी लान मेंं, पनियरा व परतावल ब्लॉक व नगर पंचायत के लाभार्थियों का विवाह परतावल ब्लॉक परिसर में, सिसवां व निचलौल ब्लॉक व निकाय के लाभार्थियों का विवाह निचलौल ब्लॉक में, लक्ष्मीपुर व नौतनवां ब्लॉक तथा सोनौली व नौतनवां निकाय के लाभार्थियों का विवाह लक्ष्मीपुर ब्लॉक में तथा फरेंदा, बृजमनगंज व धानी ब्लॉक एवं फरेंदा व बृजमनगंज नगर पंचायत के लाभार्थियों का विवाह सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कॉलेज फरेंदा में होगा।
-
सामूहिक विवाह कार्यक्रम को भव्य तरीके से करें आयोजित
कलक्ट्रेट सभागार में सामूहिक विवाह के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि वे सामूहिक विवाह कार्यक्रम को भव्य तरीके से आयोजित करें। जनप्रतिनिधियों को ससमय आमंत्रित किया जाए व जोड़ों के सौंदर्य प्रसाधन के लिए प्रत्येक स्थल पर एक अलग कक्ष का चयन किया जाए। विवाह कार्यक्रम में अच्छी गुणवत्ता का भोजन मंगाया जाए। खंड विकास अधिकारी व अधिशासी अधिकारी उसे इस प्रकार कराएं जिससे कि लाभार्थियाें व उनके परिजनों को उसका हिस्सा बन खुशी मिले। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय, अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सभी बीडीओ, समाज कल्याण अधिकारी व अधिशासी अधिकारी भी मौजूद रहे।