विकास भवन में जारी है चयन प्रक्रिया
सोमवार को 60 अभ्यर्थियों की हुई थी काउंसलिंग
महराजगंज। उच्चीकृत कस्तूरबा स्कूलों में नए सत्र से 12वीं तक कक्षाओं के संचालन के मद्देनजर आवेदन लेने के बाद अब अभ्यर्थियों की काउंसलिंग की जा रही है। मंगलवार को वार्डन के अतिरिक्त लिपिक, रसोइया, चौकीदार व चपरासी पदों के लिए साक्षात्कार लिया गया। साक्षात्कार टीम के अध्यक्ष सीडीओ महेंद्र प्रताप सिंह और सचिव बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पांडेय रहीं। विभिन्न पदों के लिए कुल 55 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया।
जिले में संचालित 13 कस्तूरबा स्कूलों में 12वीं तक की कक्षाएं चलाई जानी हैं। बीते सत्र में सभी कस्तूरबा स्कूल उच्चीकृत नहीं होने के कारण इनका संचालन नहीं शुरू हो सका था। इस बार सत्र से पहले ही सभी पदों को भरा जा रहा है। विभिन्न पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए थे। सोमवार से वार्डन (प्रधानाचार्य) सहायक शिक्षक, लिपिक, चौकीदार, चपरासी आदि पदों पर काउंसलिंग शुरू है। पहले दिन 60 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग की गई और मंगलवार को 55 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। चयन समिति में सीडीओ व बीएसए के अलावा डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा, डायट प्राचार्य अभिजीत सिंह, कोषाधिकारी राजकुमार गुप्ता मौजूद रहे।
वर्जन
मंगलवार को विभिन्न पदों के लिए 55 अभ्यर्थियों की साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। शैक्षणिक रिकॉर्ड व साक्षात्कार के आधार पर अभ्यर्थी चयनित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों के मेल पर चयन संबंधित जानकारी भेजी जाएगी।
-रिद्धि पांडेय, बीएसए।