पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए बनेंगे 532 पशु शेड
महराजगंज। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार योजना के तहत चयनित महराजगंज जिले में मनरेगा से 532 पशु शेड का निर्माण कराया जाएगा। पशु शेड निर्मित कराए जाने से जहां जरूरतमंदों को काम मिलेगा, वहीं पशुपालकों को भी बढ़ावा देने का प्रयास होगा।
योजना के तहत चयनित जिलों में रोजगार के अवसर को सृजित करने व उसका लाभ प्रवासी श्रमिकों व जरूरतमंदों को दिलाने की दिशा में प्रयास जारी है। 31 अक्टूबर तक पूरे किए जाने वाले इन कार्यों को लेकर ब्लॉकवार लक्ष्य का आवंटन कर दिया गया है। विभागीय जिम्मेदार आवंटित लक्ष्य के अनुसार संबंधित ब्लॉकों में पशु शेड के निर्माण की प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराएंगे तथा जिम्मेदारों को काम भी मुहैया कराएंगे। मुख्य विकास अधिकारी पवन अग्रवाल ने बताया कि मनरेगा योजना से पशु शेड को बनाए जाने के संबंध में लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है। जिम्मेदार निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य को पूरा कराना सुनिश्चित करें।
निचलौल में बनेंगे सर्वाधिक 58 पशु शेड
जिले में वैसे तो कुल 532 पशु शेड बनने हैं, मगर इनमें अकेले निचलौल ब्लॉक में सर्वाधिक 58 पशु शेड बनेंगे। सिसवां व नौतनवां में 50-50, घुघली व लक्ष्मीपुर में 45-45, धानी में 20 तथा बृजमनगंज, सदर, मिठौरा , पनियरा, परतावल व फरेंदा में 44-44 पशु शेड का निर्माण कराया जाना है।