53 भूमिहीनों में पट्टा वितरित किया गया
बेलाशपुर के 12 और दौलतपुर के 41 लोगों को मिला लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
पनियरा। दौलतपुर एवं बेलासपुर नर्सरी में रविवार को वन अधिकार पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने 53 भूमिहीनों को पट्टा वितरित किया। इसमें बेलाशपुर नर्सरी के 12 एवं दौलतपुर नर्सरी के 41 भूमिहीन शामिल रहे।
विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि वनटांगिया के लोग वर्ष 1920 से वर्ष 1984 तक जंगल में कृषि मजदूर की तरह काम करते रहे। उन्हें 30-30 हेक्टेयर का क्षेत्र दिया जाता था, जिसे बीट कहा जाता। इस क्षेत्र को साफ करने के बाद प्रत्येक वनटांगिया को आधा एकड़ भूमि आवंटित कर दी जाती थी। उन्होंने कहा कि वन टांगिया क्षेत्र के लोगों के लिए कृषि व आवासीय भूमि का पट्टा धारा और वन अधिकार पत्र वितरित किया गया है। 38 वर्षों का आपका इंतजार अब खत्म हुआ है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भी वनटांगिया के लोग अपनी समस्या लेकर सरकारों के पास हमेशा जाते थे, लेकिन सरकारें कभी इनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेती थीं। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वनटांगिया समुदाय के लोगों को विकास की मुख्य धारा से जोड़कर विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया।
इस मौके पर डीएफओ गोरखपुर विकास यादव, एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा, तहसीलदार सदर राजेश श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार विवेकानंद दूबे, क्षेत्रीय वन अधिकारी जगदम्बा पाठक, अब्दुल ऐन शाह, अर्जुन सिंह, राजाराम, चिंगारी निषाद, राजेश आदि मौजूद रहे।