महराजगंज। भारतीय किसान यूनियन भानू के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को महराजगंज स्थित खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग कार्यालय के समक्ष अपने चार सूूत्री मांगों को लेकर धरना दिया। जिलाधिकारी को पत्रक देकर सभी मेडिकल स्टोर का लाइसेंस आधार कार्ड से लिंक कराने की मांग की। भाकियू भानू कार्यकर्ताओं ने डीएम को दिए पत्रक में कहा है कि जिले के औषधि निरीक्षक एवं औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी द्वारा 470 मेडिकल लाइसेंस जारी किया गया है। मगर समय समय पर इन दुकानों की जांच नहीं की जाती है। जबकि कई मेडिकल स्टोर मानक का उलंघन करते हैं। दो माह पहले ही जिले के सभी मेडिकल स्टोर का लाइसेंस आधार कार्ड से लिंक कराने की मांग की गई, मगर अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई। लाइसेंसों का तत्काल आधार कार्ड से जोड़ने की कार्रवाई शुरू की जाए। जिले में पिछले दो सालों में जितने भी मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निलंबित किया गया, उनके विरूद्ध विधिक कार्रवाई की जाए। इसी के साथ जिले में स्थाई रूप से औषधि निरीक्षक नियुक्त किया जाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर इनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो वे बेमियादी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। पत्रक देने वालों में नीरज कुुमार मिश्र, जनार्दन, राजेश, नरसिंह, प्रमोद, संजय, राजकिशोर, बाबूलाल, पृथ्वीनाथ आदि के नाम हैं।