महराजगंज। केंद्र सरकार की उजाला योजना हर घर में दूधिया रोशनी बिखेरेगी। योजना के तहत कनेक्शनधारियों को कम वाट के सीएफएल सस्ती दर पर दिए जाएंगे। वहीं सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शन लेने वाले लोगों को एक सीएफएल मुफ्त में मिलेगा।
बिजली निगम के जानकारों की मानें तो बल्ब के मुकाबले सीएफएल का प्रयोग ज्यादा सुरक्षित है। सीएफएल से बिजली की खपत भी कम होती है। गरीब लोगों को सस्ते दर पर सीएफएल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासन की ओर से उजाला योजना शुरू की गई है। इसके अलावा सौभाग्य योजना के तहत लाभार्थियों को कनेक्शन के समय सात वाट का एक सीएफएल मुफ्त में दिया जाएगा। इसके बाद कैंप लगाकर सीएफएल की बिक्री की जाएगी। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता हरिशंकर ने बताया कि केंद्र सरकार की उजाला योजना में सीएफएल के प्रयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया जाना है। सौभाग्य योजना में कनेक्शन लेने पर एक सीएफएल नि:शुल्क दिया जाएगा। आम लोगों को 60 से 70 रुपये में एक सीएफएल उपलब्ध कराया जाएगा।
40 फीसदी घरों में बल्ब का हो रहा प्रयोग
मौजूदा समय में ग्रामीण इलाकों के 40 फीसदी घरों में बल्ब का प्रयोग हो रहा है। एक्सईएन हरिशंकर ने बताया कि घर में बल्ब का प्रयोग कम करने के मकसद से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बल्ब से अधिक बिजली खपत होती है। ऐसे में एलईडी व कम वाट की सीएफएल से कम बिजली की खपत कम होगी।