सिसवा बाजार। चंद्रशेखर हत्याकांड के 28 दिन बीत जाने के बाद भी पर्दाफाश न होने से आहत मृत चंद्रशेखर उर्फ छोटे की मां शांति देवी ने गोरखपुर में पुलिस महानिरीक्षक से मिलकर कोठीभार पुलिस पर घटना के विवेचना में लापरवाही तथा हत्यारों को बचाने का आरोप लगाते हुए घटना के शीघ्र पर्दाफ़ाश की मांग की। पुलिस महानिरीक्षक को दिए पत्र में चंद्रशेखर की मां शांति देवी ने कहा है कि 24 अगस्त की रात में उनके 22 वर्षीय पुत्र चंद्रशेखर की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के समय मौजूद उसके साथी ईश्वर मद्धेशिया को कोठीभार पुलिस पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। अगले दिन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। पुलिस ने बाइक तथा हत्यारों की पहचान के लिए घटना स्थल के कई सीसीटीवी फुटेज को निकलवाया मगर आज तक उसकी जांच नहीं कर सकी। जबकि सीसीटीवी फुटेज की फोरेंसिक जांच कराकर असली हत्यारों की पहचान हो सकती है। पुलिस की पूछताछ में ईश्वर ने भी कुछ संदिग्ध व्यक्तियों का नाम बताया था। मगर पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप लगाया कि कोठीभार पुलिस हत्यारों से मिलकर फर्जी ढंग से केस का पर्दाफाश करने का प्रयास कर रही है।