शिकारपुर। गोपाला गांव में जमीन का पट्टा दिए जाने से नाराज लोगों ने शिकारपुर चौराहे पर एसडीएम सदर के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया। कहा कि अधिकारियों की मनमानी से प्रदेश सरकार की बदनामी हो रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बताया जाता है कि गोपाला गांव के शाकिर अली को जिस तीन डिस्मिल जमीन का एसडीएम सदर ने पट्टा कर दिया, उस जमीन पर पहले दूसरे पक्ष का पट्टा था। बीते दिनों बरसात में शाकिर का घर गिर गया था। शाकिर के साथ गांव के तमाम लोगों ने धरना प्रदर्शन किया था। प्रशासन ने शाकिर को जमीन देने का आश्वासन दिया था और उसे जमीन दे दी गई। इसी मामले को लेकर शुक्रवार को हिंदूवादी नेता विजय मिश्र ने लोगों के साथ एसडीएम पर व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने का आरोप मढ़ते हुए पुतला जलाया। इस दौरान राजाराम, वीरेंद्र, मनोज शाही, सुनील कुमार, रामनरायण, रामदुलारे, बृजेश कुमार, राधेश्याम आदि मौजूद रहे। एसडीएम सदर देवेश गुप्ता का कहना है कि आरोप बेबुनियाद है। नियम के तहत ही जमीन का पट्टा हुआ है। शासन की मंशा के अनुरूप कार्य किए गए हैं।