महराजगंज। क्रिटिकल केयर यूनिट जिला अस्पताल को हैंडओवर हो चुका है। इसके संचालन के लिए जरूरी मानव संसाधन और उपकरण उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से एमडी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को पत्र भेजा गया है। संसाधन मिलते ही यूनिट शुरू होने की उम्मीद है।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि क्रिटिकल केयर यूनिट के संचालन के लिए पांच विशेषज्ञ डॉक्टरों की जरूरत होगी। इसके अलावा 12 इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर, 66 स्टाफ नर्स और नौ अन्य कर्मचारियों की आवश्यकता है। मानव संसाधन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। स्टाफ मिलने के बाद यूनिट में मरीजों की लगातार निगरानी और उपचार की व्यवस्था की जा सकेगी।
50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट शुरू होने से जिला अस्पताल की गंभीर मरीजों को संभालने की क्षमता बढ़ेगी। दुर्घटना, गंभीर संक्रमण, सांस संबंधी गंभीर समस्या और अन्य जटिल स्वास्थ्य स्थितियों वाले मरीजों को तत्काल चिकित्सकीय निगरानी उपलब्ध कराने में यूनिट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
क्रिटिकल केयर यूनिट के संचालन के लिए मेडिकल गैस की निर्बाध आपूर्ति जरूरी है। इसके लिए जिला अस्पताल के सीएमएस ने सीएमओ को पत्र भेजकर यूनिट में गैस पाइपलाइन की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया है। पाइपलाइन की सुविधा मिलने के बाद मेडिकल गैस की आपूर्ति व्यवस्थित तरीके से की जा सकेगी।
यूनिट के संचालन में निर्बाध बिजली आपूर्ति भी महत्वपूर्ण है। इसके लिए 250 केवीए क्षमता के जनरेटर की जरूरत बताई गई है। जनरेटर की व्यवस्था के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। साथ ही बिजली आपूर्ति को लेकर बिजली निगम को भी पत्र भेजकर आवश्यक व्यवस्था कराने को कहा गया है।