हीरालाल रामनिवास इंटर कालेज से परीक्षा देकर बाहर आते अभ्यर्थी।
सात केंद्रों पर हुई परीक्षा, तैनात किए गए थे सेक्टर मजिस्ट्रेट
संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय के सात केंद्रों पर रविवार को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षार्थियों ने दो पाली में परीक्षा दी। प्रथम पाली में सुबह नोट से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक परीक्षा हुई। सीसीटीवी कैमरा और मजिस्ट्रेटों की निगरानी में परीक्षा संपन्न हुई। पंजीकृत 4636 में से दोनों पालियों में कुल 4261 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 375 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई तथा सीसीटीवी निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्रनाथ ने बताया कि परीक्षा के लिए जिले में कुल सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां दोनों पालियों में कुल 4636 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। पहली पाली में 2129 तथा दूसरी पाली में 2132 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 4261 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 375 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले के सात परीक्षा केंद्रों में हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज में सर्वाधिक 450 परीक्षार्थी थे। उन्होंने बताया कि जीजीआईसी खलीलाबाद में पंजीकृत 280 में से उपस्थित 255 व अनुपस्थित 25, हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज खलीलाबाद में पंजीकृत 430 में से उपस्थित 403 व अनुपस्थित 27, हीरालाल पीजी कॉलेज खलीलाबाद में पंजीकृत 260 में से उपस्थित 246 व अनुपस्थित 14 तथा मौलाना आजाद इंटर कॉलेज खलीलाबाद में पंजीकृत 410 में से उपस्थित 374 व अनुपस्थित 36 और नेहरू कृषक इंटर कॉलेज खलीलाबाद में पंजीकृत 350 में से उपस्थित 325 एवं अनुपस्थित 25 रहे।
इसके साथ ही संतकबीर आचार्य रामविलास इंटर कॉलेज मगहर में पंजीकृत 328 में से उपस्थित 298 व अनुपस्थित 30 रहे।