बर्ड फेस्टिवल डे पर जगपुर ताल में हुआ समारोह
पक्षियों की कराई गई पहचान, वेट लैंड के संरक्षण व संवर्धन पर दिया जोर
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। आद्र भूमि दिवस को शनिवार को बर्ड फेस्टिवल डे के रूप में मनाया गया। इसके तहत वन विभाग के अधिकारियों ने पकड़ी रेंज के जगपुर ताल के पास समारोह का आयोजन कर स्कूली बच्चों व ग्रामीणों को पक्षियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही दूरबीन से पक्षियों को दिखाया भी गया। कार्यक्रम के दौरान आद्र भूमि के संरक्षण व संवर्धन के प्रति बच्चों व ग्रामीणों को जागरूक भी किया गया।
सोहगीबरवां वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि वैैैैसे तो सभी रेंजों में बर्ड फेस्टिवल डे पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, लेकिन चौक रेंज के जगपुर ताल के पास जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय जगपुर व प्राथमिक विद्यालय बीट चेतरा के बच्चे व वनटांगिया समुदाय के लोग शामिल हुए। इस दौरान ग्राम प्रधानों, ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को 22 प्रजाति के पक्षियों को दिखाया गया तथा उनके बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों ने खास कर जिन पक्षियों को देखा, उनमें किंगफिशर, मोर आदि शामिल हैं। इसके अलावा निचलौल रेंज के दर्जीनियां ताल, हरिहरपुर ताल व श्रीनगर ताल के पास भी पक्षियों को दिखाया गया।
डीएफओ ने बताया कि सभी स्थानों पर कार्यक्रम के दौरान मौजूद बच्चों व ग्रामीणों को पक्षियों व वेटलैंड के बारे में बताया गया। उन्होंने बताया कि पक्षियों का वेटलैंड से गहरा नाता होता है। वैटलैंड ही अधिकांश पक्षियों का वास स्थल होता है। ऐसे में हम सभी का दायित्व होता है कि वेटलैंड का संरक्षण व संवर्धन करें। इसी क्रम में वन विभाग ने मिठौरा ब्लॉक के हरिहरपुर ताल के पास भी बर्ड फेस्टिवल के अवसर पर सीताराम इंटर कॉलेज सिन्दुरियां के करीब 100 बच्चों को विभिन्न प्रजाति के पक्षियों को दिखाया। निचलौल रेंज के अधिकारियों ने दर्जीनियां ताल के पास समारोह आयोजित बर्ड फेस्टिवल डे मनाया।